नागपुर/छिंदवाड़ा। महाराष्ट्र के नागपुर और मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की पत्नी को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और जबरन धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मामले में नामजद छिंदवाड़ा के एक मौलाना की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार नागपुर निवासी 24 वर्षीय महिला, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का कार्य करती है, को उसके पुराने सहपाठी अयाज ताज मदारे ने जमीन खरीदने का झांसा देकर होटल में बुलाया। आरोप है कि वहां कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर महिला को बेहोश कर दिया गया और उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता का आरोप है कि बाद में इन्हीं वीडियो और तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर उससे करीब 3 लाख 9 हजार रुपये वसूले गए। कई महीनों तक ब्लैकमेलिंग का शिकार बनी महिला मानसिक दबाव में रही।
मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब आरोपी महिला को नागपुर के कलमेश्वर क्षेत्र ले गया, जहां उसकी मुलाकात अमीन शेख और छिंदवाड़ा से बुलाए गए एक मौलाना से कराई गई। आरोप है कि तीनों ने मिलकर महिला को डराया-धमकाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध धार्मिक अनुष्ठान कराते हुए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया।
बताया जा रहा है कि इस घटनाक्रम से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिला भयभीत अवस्था में आरोपियों से छोड़ देने की गुहार लगाती दिखाई दे रही है।
लंबे समय तक सदमे में रहने के बाद महिला ने अपने वायुसेना अधिकारी पति को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद दंपति ने सोनेगांव थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अयाज ताज मदारे और उसके सहयोगी अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया है। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
वहीं, मामले में कथित रूप से शामिल छिंदवाड़ा के मौलाना की तलाश में पुलिस की विशेष टीम लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे नेटवर्क और साजिश से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी आरोपों की पुष्टि साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है।




