पिकअप से फिर चोरी हुआ टायर, वाहन मालिक ने पुलिस से लगाई त्वरित कार्रवाई की गुहार
चौरई। थाना चौरई क्षेत्र में पिकअप वाहनों से लगातार टायर चोरी होने का मामला सामने आने से वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है। ताजा घटना में पिकअप वाहन से टायर चोरी करते एक संदिग्ध व्यक्ति की करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद होने की बात सामने आई है। पीड़ित वाहन मालिक ने थाना चौरई में आवेदन देकर फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित के मुताबिक, 20 अगस्त की रात 12 बजे के बाद पिकअप वाहन क्रमांक MP 28 ZE 3342 से एक टायर चोरी कर लिया गया। खास बात यह है कि इससे पहले भी इसी वाहन को चोर निशाना बना चुके हैं। पीड़ित का कहना है कि 20 जुलाई की रात 12 बजे के बाद भी वाहन का एक टायर चोरी हुआ था, जिसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी।

अब दोबारा टायर चोरी होने के बाद पीड़ित ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान कर उसे पकड़ने और चोरी गए टायर की बरामदगी की मांग की है।
कैमरे में कैद हुई चोरी की पूरी करतूत
पीड़ित का दावा है कि चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में एक व्यक्ति वाहन के पास पहुंचकर टायर चोरी करते हुए दिखाई दे रहा है। ऐसे में अब पुलिस के सामने फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे पकड़ने की चुनौती है।
चोर को पकड़वाने वाले को मिलेगा ₹10 हजार का इनाम
लगातार हो रही चोरी से परेशान वाहन मालिक ने अब चोर तक पहुंचने के लिए अपनी ओर से ₹10 हजार के इनाम की घोषणा की है। पीड़ित ने कहा है कि चोर को पकड़वाने अथवा उसके संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी देने वाले व्यक्ति को 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।
लगातार टायर चोरी की घटनाओं के बाद अब वाहन मालिकों की नजर पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपी को पकड़कर चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने की मांग की है।




