लगातार बढ़ती चोरियां, और पुलिस को खुली चुनौती दे रहे चोर!

डुंगरिया में सूने मकान को बनाया निशाना, सुबह घर लौटे राजेंद्र साहू तो टूटा मिला ताला; बिस्तर के बीच डिब्बे में रखे सोने के जेवरात लेकर फरार हुए चोर

चौरई। चौरई क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आने से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला ग्राम डुंगरिया का है, जहां 21 सितंबर की रात चोरों ने राजेंद्र साहू के सूने मकान को निशाना बनाया। राजेंद्र साहू अपने रिश्तेदार के यहां मेहमानदारी में गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के सामने का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कीमती सामान खंगाल डाला।

सुबह जब राजेंद्र साहू घर लौटे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर पहुंचने पर घर का सामान अस्त-व्यस्त दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने घर में रखी पलंग पेटी और उसके ऊपर रखे बिस्तरों को भी खंगाला। बिस्तरों के बीच एक डिब्बे में रखे सोने के जेवरात चोरों के हाथ लग गए। बदमाश गले का हार सहित सोने के अन्य जेवरात लेकर फरार हो गए।

बिस्तरों के बीच छिपे डिब्बे तक पहुंचे चोर

चोरों ने घर में केवल सामने रखा सामान ही नहीं खंगाला, बल्कि बिस्तरों के बीच छिपाकर रखे डिब्बे को भी तलाश लिया। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि बदमाशों ने घर के अंदर काफी देर तक सामान की तलाशी ली। घटना के बाद परिवार ने आसपास के लोगों को जानकारी दी।

लगातार चोरी की घटनाओं से बढ़ी चिंता

चौरई क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच डुंगरिया की यह वारदात भी पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि रात में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ चोरी की घटनाओं में शामिल बदमाशों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। अब पुलिस के सामने चुनौती है कि डुंगरिया चोरी के आरोपियों तक जल्द पहुंचकर चोरी गए जेवरात बरामद किए जाएं।