महिला के साथ कथित आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल, ऑडियो में गाली-गलौज और धमकी की चर्चा
छिंदवाड़ा | TV20 भारतवर्ष
छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव नगर भाजपा मंडल अध्यक्ष विवेक चंद्रवंशी इन दिनों गंभीर विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर उनके कथित आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो वायरल होने के बाद पूरे जिले में राजनीतिक भूचाल आ गया है। मामला इतना बढ़ गया कि भाजपा संगठन को भी तत्काल एक्शन लेना पड़ा।

वायरल फोटो और वीडियो में मंडल अध्यक्ष एक महिला के साथ आपत्तिजनक हालत में दिखाई दे रहे हैं। वहीं वायरल ऑडियो में कथित तौर पर महिला के साथ अभद्र भाषा, धमकी और दबाव बनाने जैसी बातें सुनाई दे रही हैं। ऑडियो में यह तक कहा जा रहा है कि “तू मेरे खिलाफ उतर गई ना, अब देख…”। इसके अलावा महिला के घर को नुकसान पहुंचाने जैसी धमकी दिए जाने की भी चर्चा है।
फोटो-वीडियो वायरल होने के बाद मचा बवाल
जैसे ही कथित अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, वैसे ही पूरे जिले में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। भाजपा के अंदर भी इस मामले को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। विपक्षी दलों ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर हमला बोलना शुरू कर दिया है।
हालांकि वायरल ऑडियो, वीडियो और फोटो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, लेकिन मामला तेजी से तूल पकड़ता जा रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने विवेक चंद्रवंशी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया है। जारी नोटिस में कहा गया है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के निर्देशानुसार मंडल अध्यक्ष के सार्वजनिक आचरण और व्यवहार को लेकर गंभीर शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिन पर संगठन ने संज्ञान लिया है।
नोटिस में 7 दिवस के भीतर लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही साफ चेतावनी दी गई है कि यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संगठनात्मक अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासन तक की कार्रवाई की जा सकती है।
संगठन की किरकिरी, जनता में चर्चा
पूरा मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन की जमकर किरकिरी हो रही है। जिलेभर में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि सार्वजनिक मंचों से संस्कार और मर्यादा की बात करने वाले नेताओं का असली चेहरा आखिर क्या है?
फिलहाल पूरे मामले में भाजपा संगठन और पुलिस स्तर पर आगे क्या कार्रवाई होती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
TV20 भारतवर्ष
“भारत की बात,जनताकेसाथ”




