मंडला। जिला मुख्यालय मंडला में इन दिनों सटोरियों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि शहर के सबसे व्यस्ततम इलाके सब्जी मंडी में फुहारा के पास खुलेआम सट्टा पट्टी का कारोबार संचालित किया जा रहा है। हालत यह है कि सटोरियों ने मानो पुलिस और प्रशासन को खुली चुनौती दे दी हो।
सूत्रों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार, रोजाना सुबह लगभग 9 बजे से चाय-नाश्ते के टपरे की आड़ में सट्टा काउंटर सज जाता है। यहां बाकायदा टेबल-कुर्सी लगाकर लोगों से सट्टा पट्टी लिखी जाती है और यह खेल रात लगभग 9 बजे तक लगातार चलता रहता है। सुबह से शाम तक किस्मत आजमाने वालों की भीड़ लगी रहती है।

बताया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में रोजाना लाखों रुपए का लेन-देन हो रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग आंखें मूंदे बैठा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि शहर के बीचों-बीच खुलेआम चल रहे इस सट्टा कारोबार की भनक आखिर पुलिस को क्यों नहीं लग रही? या फिर सब कुछ जानते हुए भी कार्रवाई से परहेज किया जा रहा है?
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह कोई नया मामला नहीं है, बल्कि वर्षों से इसी तरह सट्टे का खेल चलता आ रहा है। लोगों का आरोप है कि सटोरियों को न तो पुलिस का डर है और न ही कानून का खौफ।
नागरिकों में इस बात को लेकर भारी नाराजगी है कि जहां एक ओर पुलिस अपराध रोकने के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर शहर के मुख्य बाजार में खुलेआम सट्टा कारोबार फल-फूल रहा है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि खबर सामने आने के बाद मंडला पुलिस इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करती है, या फिर सटोरियों का यह खेल यूं ही बेखौफ चलता रहेगा।




