छिंदवाड़ा में अवैध खनन माफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी, कलेक्टर ने दिए सख्त एक्शन के निर्देश

छिंदवाड़ा। जिले में अवैध खनन, परिवहन और खनिज भंडारण पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। कलेक्टर हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में आयोजित जिला टास्क फोर्स की बैठक में खनिज माफियाओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में राजस्व, पुलिस, वन, परिवहन और खनिज विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निरीक्षण और आकस्मिक छापामार कार्रवाई की जाए। अवैध रेत उत्खनन और खनिज परिवहन में संलिप्त लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।

कलेक्टर ने कहा कि अवैध खनन से न केवल शासन को राजस्व की हानि होती है, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों को भी गंभीर नुकसान पहुंचता है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला खनिज अधिकारी रविंद्र परमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष में अब तक अवैध खनन के 17 प्रकरणों में कार्रवाई कर लगभग 4.97 लाख रुपये, अवैध परिवहन के 41 प्रकरणों में 8.78 लाख रुपये की वसूली की गई है। वहीं अवैध भंडारण के 12 मामलों में भी कार्रवाई दर्ज की गई है।
प्रशासन का संदेश साफ

जिले में अब अवैध खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई होगी। टास्क फोर्स की बैठक के बाद यह संकेत साफ है कि आने वाले दिनों में खनिज माफियाओं पर प्रशासन का शिकंजा और कस सकता है।
TV20 भारतवर्ष | विशेष रिपोर्ट