भोपाल में T. Raja Singh की धर्म सभा पर रोक से गरमाई सियासत

प्रशासन बोला — “कानून व्यवस्था खतरे में पड़ सकती थी”
समर्थकों का आरोप — “दबाव में लिया गया फैसला”

भोपाल। हिंदूवादी नेता T. Raja Singh की 31 मई को प्रस्तावित धर्म सभा को भोपाल प्रशासन ने अनुमति देने से इंकार कर दिया है। इस फैसले के बाद प्रदेश की राजनीति और सोशल मीडिया में बहस तेज हो गई है।

पुलिस प्रशासन द्वारा जारी पत्र में स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जुटने की संभावना थी, जिससे कानून व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती थी। प्रशासन ने यह भी कहा कि आयोजन स्थल के आसपास घनी आबादी और संकरी सड़क होने के कारण किसी भी अप्रिय स्थिति का खतरा बढ़ सकता था।

वहीं दूसरी ओर कई हिंदू संगठनों और समर्थकों ने इस निर्णय पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि प्रशासन ने कुछ मुस्लिम संगठनों के दबाव में आकर अनुमति नहीं दी। हालांकि प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि फैसला केवल सुरक्षा और शांति व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिया गया है।

इस पूरे मामले के बाद भोपाल की सियासत गरमा गई है और सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में यह विवाद और कितना तूल पकड़ता है।