दतिया उपचुनाव में हार के बाद बीजेपी का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’! जिला कार्यकारिणी भंग, संगठन में मचा हड़कंप

भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा और सख्त संगठनात्मक फैसला लेते हुए पूरे जिला संगठन पर एक साथ कार्रवाई कर दी है। समीक्षा समिति की रिपोर्ट और सिफारिश के आधार पर जिला अध्यक्ष सहित पूरी जिला कार्यकारिणी, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठ और विभिन्न विभागों की इकाइयों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया।

सूत्रों के अनुसार, उपचुनाव में हार के कारणों की गहन समीक्षा के बाद संगठन की कार्यशैली, चुनावी रणनीति और कथित भीतरघात को लेकर गंभीर मंथन हुआ। इसके बाद पार्टी नेतृत्व ने साफ संदेश देते हुए पूरे जिला संगठन को भंग करने का निर्णय लिया।

अब दतिया में भाजपा संगठन का गठन नए सिरे से किया जाएगा। राजनीतिक जानकार इसे हार के बाद पार्टी का सबसे बड़ा संगठनात्मक एक्शन मान रहे हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में जवाबदेही तय होने के साथ कई और बड़े फैसले भी सामने आ सकते हैं।

दतिया उपचुनाव के बाद बीजेपी की इस कार्रवाई ने प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। पार्टी का यह कदम साफ संकेत देता है कि चुनावी हार को लेकर नेतृत्व किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमजोर संगठनात्मक प्रदर्शन को स्वीकार करने के मूड में नहीं है।