“चौरई में किसानों से लाखों की ठगी, मक्का खरीदकर व्यापारी फरार”

चौरई (छिंदवाड़ा)।
तहसील चौरई के ग्राम मेढावानी में किसानों के साथ बड़ी ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक स्थानीय व्यापारी मक्का खरीदकर लाखों रुपये का भुगतान किए बिना फरार हो गया। पीड़ित किसानों ने इस संबंध में थाना चौरई में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, ग्राम मेढावानी निवासी रजनीश वर्मा द्वारा पिछले दो वर्षों से किसानों से मक्का एवं गेहूं की खरीदी की जा रही थी। इसी विश्वास के चलते गांव के कई किसानों ने अपनी उपज उसे बेच दी, लेकिन व्यापारी ने तय समय पर भुगतान नहीं किया।

किसानों का आरोप है कि रजनीश वर्मा ने 8–10 दिनों में मंडी में फसल बेचकर भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन लगातार टालमटोल करता रहा। पिछले 10–12 दिनों से वह पूरी तरह लापता है और उसके परिजन भी कोई जानकारी देने को तैयार नहीं हैं।

पीड़ित किसानों के अनुसार लाखों रुपये की रकम बकाया है, जिनमें प्रमुख रूप से—

रघुवीर वर्मा: ₹1,02,000

संतू वर्मा: ₹1,70,000

बशीर मंसूरी: ₹54,200

चन्द्रलाल वर्मा: ₹1,02,000

रामकुमार वर्मा: ₹2,41,900

गनेशलाल वर्मा : ₹1,25,818

अन्य किसानों की भी बड़ी रकम शामिल है

इस घटना के बाद किसानों में भारी आक्रोश है और वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।

कानून व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

गौरतलब है कि चौरई क्षेत्र में यह पहला मामला नहीं है। किसानों के साथ फसल खरीद के नाम पर ठगी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। थाना चौरई में ऐसे कई मामले पहले से दर्ज हैं, जिससे स्थानीय कानून व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रशासन से मांग

पीड़ित किसानों ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जल्द से जल्द गिरफ्तारी करने और उनकी बकाया राशि दिलाने की मांग की है। साथ ही शासन-प्रशासन से ऐसी ठगी रोकने के लिए कड़ी व्यवस्था बनाने की अपील की है।