चौरई/पिपरिया मानसिंग।
ग्राम पिपरिया मानसिंग में 7 सितंबर 2025, भादो पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित विशाल दंगल ने पूरे क्षेत्र में सनसनी मचा दी! मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, इंदौर समेत महाराष्ट्र के औरंगाबाद और पंजाब से पहुँचे पहलवानों ने ऐसे दांव-पेच दिखाए कि दर्शक रोमांच से झूम उठे। छोटे से गाँव में हुआ यह आयोजन अब खेल जगत में चर्चा का विषय बन चुका है।

कुश्ती के 4 रोमांचक राउंड में 200 रुपये से लेकर 5000 रुपये तक की इनामी राशि दी गई। स्थानीय पहलवानों ने बाहरी खिलाड़ियों को जबरदस्त चुनौती दी। फाइनल मुकाबले ने तो जैसे दर्शकों की सांसें रोक दीं – पंजाब के सौरभ पहलवान और औरंगाबाद के अमर पहलवान के बीच हुई टक्कर ने कुश्ती प्रेमियों को सीटों से उठ खड़े होने पर मजबूर कर दिया। दो मिनट तक मुकाबला बेनतीजा रहा, लेकिन अतिरिक्त पाँच मिनट में सौरभ पहलवान ने शानदार खेल दिखाते हुए ‘शेर ए दंगल’ का खिताब अपने नाम कर लिया।
इस दंगल में आयुष पहलवान पिपरिया, रामफल तुलप, शिवशंकर सिवनी, करण हथनी, देवा सिवनी, प्रदीप बीँझावाड़ा, शिवांशु बीँझावाड़ा, अनिल सिवनी, कमलजीत इंदौर, समीर छतरपुर, अमर औरंगाबाद और सौरभ पंजाब ने दमदार प्रदर्शन कर मुकाबले में शमा बाँध दी। मुकाबले रात 8:30 बजे तक चले और दर्शकों ने जोरदार तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।

यह आयोजन स्वर्गीय गुरु प्रसाद शर्मा, पूर्व पुलिस सहायक निरीक्षक और कबड्डी खिलाड़ी, की स्मृति में हर वर्ष किया जाता है। उनके द्वारा शुरू की गई यह परंपरा आज भी युवाओं में जोश भर रही है। अंतिम राउंड के विजेता सौरभ पहलवान को डॉ विकास शर्मा, सहायक प्राध्यापक, शासकीय महाविद्यालय चौरई ने ‘शेर ए दंगल’ की शील्ड प्रदान की। वहीं चिकित्सा सुविधा में गाँव के ही सर्जन डॉ चंद्र शेखर दुबे का विशेष योगदान रहा।
कुश्ती के संचालन में मुख्य रेफरी बालकराम पंचेश्वर, सहायक रेफरी अजीत मंसूरी, राहुल शर्मा और विनय शर्मा ने बेहतरीन भूमिका निभाई। आयोजन समिति के सदस्य आनंद शर्मा, संतराम शर्मा, राजू साहू, विशाल शर्मा, विमल साहू तथा समस्त ग्रामवासियों ने विजयी पहलवानों को शुभकामनाएँ दी और अगले वर्ष और अधिक तैयारी के साथ दंगल में भाग लेने का आमंत्रण दिया।
📢 TV20 भारतवर्ष की तरफ़ से
➡ यह दंगल खेल भावना, एकता और ग्रामीण संस्कृति का बेहतरीन उदाहरण है।
➡ ऐसे आयोजन युवाओं में जोश, अनुशासन और खेल के प्रति लगन को बढ़ावा देते हैं।
➡ पूरे क्षेत्र में इस आयोजन की चर्चा जोरों पर है!






