स्वामी जी बोले – किसान देश का अन्नदाता है, उसे पानी नहीं मिलेगा तो अनाज कैसे उगाएगा? किसानों के साथ अन्याय कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा
चौरई। पेंच डायवर्सन परियोजना के अंतर्गत माचागोरा बांध से निकलने वाली नहरों के माध्यम से 27 गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। विभागीय स्तर पर लिखित आदेश जारी होने के बावजूद किसानों को अब तक पानी नहीं मिलने से उनमें नाराजगी बढ़ रही है।
अपनी समस्या को लेकर प्रभावित गांवों के किसान ग्राम घोगरी पहुंचे, जहां उन्होंने महामंडलेश्वर स्वामी अजय रामदास जी महाराज से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताई। किसानों की समस्या सुनने के बाद स्वामी जी भी किसानों के साथ माचागोरा पहुंचे और सिंचाई के लिए जल्द पानी उपलब्ध कराने की मांग का समर्थन किया।

इस दौरान स्वामी अजय रामदास जी महाराज ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “किसान इस देश का अन्नदाता है। यदि किसान को पानी ही नहीं मिलेगा तो वह अनाज कैसे उगाएगा? किसानों के साथ इस तरह की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” उन्होंने किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया।
गौरतलब है कि पेंच डायवर्सन परियोजना के अंतर्गत माइक्रो सिंचाई कॉम्प्लेक्स-01 को पूर्ण करने तथा किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के संबंध में 19 फरवरी 2024 को कार्यपालन यंत्री कार्यालय द्वारा लिखित पत्र जारी किया गया था। इसमें 30 जून 2024 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद 27 गांवों के किसान आज भी पानी के इंतजार में हैं।

माचागोरा पहुंचने के बाद किसानों ने एसडीएम प्रभात मिश्रा को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने की मांग की। किसानों का कहना है कि जब विभाग द्वारा लिखित आदेश जारी किए जा चुके हैं, तो फिर जमीनी स्तर पर इसका लाभ किसानों को क्यों नहीं मिल रहा है?
अब किसानों के साथ स्वामी जी के भी इस मुद्दे पर सामने आने के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग पर किसानों को राहत देने की जिम्मेदारी बढ़ गई है। किसानों को उम्मीद है कि जल्द ही उनकी समस्या का समाधान होगा और खेतों तक सिंचाई का पानी पहुंचेगा।




