चौरई (छिंदवाड़ा)।
समाज में वर्षों से चली आ रही मृत्यु भोज (13वीं) की परंपरा के बीच चौरई से एक प्रेरणादायक पहल सामने आई है। अन्नपूर्णा मैरिज लॉन के संचालक एवं अखिल भारतीय लोधी महासभा के जिला कोषाध्यक्ष सुखलाल वर्मा द्वारा अपनी पत्नी स्वर्गीय रामशिला बाई के निधन पर 13वीं कार्यक्रम न कर केवल श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर एक नई मिसाल पेश की गई।

दिनांक 28 मार्च 2026, शनिवार को बायपास रोड स्थित अन्नपूर्णा मैरिज लॉन में आयोजित इस श्रद्धांजलि सभा में परिवारजनों एवं समाजजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर स्व. रामशिला बाई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों—दीपक वर्मा (पार्षद, वार्ड 15), प्रदीप वर्मा एवं गोल्डी वर्मा—द्वारा समाज के उत्थान एवं कल्याण के लिए ₹51,000 की राशि जिला लोधी क्षत्रिय समाज संगठन को भेंट की गई।

विशेष बात यह रही कि यह राशि उस खर्च से बचाकर दी गई, जो सामान्यतः 13वीं एवं मृत्यु भोज में किया जाता है। इस पहल के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि फिजूल खर्च से बचकर समाज सेवा और विकास कार्यों में योगदान देना अधिक उपयोगी है।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष अतरलाल पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष अजब सिंह पटेल एवं विधान सभा प्रभारी लखन कुमार वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला महामंत्री जी.एल. वर्मा सहित अनेक वरिष्ठ समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। महिला वर्ग की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

समाज के पदाधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया और अन्य सामाजिक बंधुओं से भी अपील की कि वे मृत्यु भोज जैसी परंपराओं को छोड़कर समाज हित में कार्य करें।
चौरई में इस तरह की पहल को समाज में बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




