HomeNEWSचौरई कॉलेज में गूंजा पर्यावरण बचाने का संदेश!

चौरई कॉलेज में गूंजा पर्यावरण बचाने का संदेश!

साइकिल से भारत भ्रमण कर रहे पर्वतारोही सुबोध पहुंचे शासकीय महाविद्यालय चौरई

चौरई।
शासकीय महाविद्यालय चौरई का प्रांगण आज उस वक्त तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा जब देश के जाने-माने पर्वतारोही और साइकिलिस्ट सुबोध जी ने पर्यावरण संरक्षण पर अपना दमदार उद्बोधन दिया।

सुबोध जी इन दिनों साइकिल से भारत यात्रा पर निकले हुए हैं। उनका लक्ष्य केवल 28 राज्यों की पर्वत श्रृंखलाओं और प्राकृतिक धरोहरों का भ्रमण ही नहीं, बल्कि एक लाख पौधों का रोपण भी है।
यात्रा के दौरान वे स्कूलों और कॉलेजों में जाकर छात्रों को प्रेरित कर रहे हैं कि प्रकृति को बचाना केवल जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ा उपहार है।

कार्यशाला में सुबोध जी ने कहा—
“प्रकृति के खूबसूरत नजारों ने मुझे यह प्रण दिलाया कि हमें वायु, जल और प्लास्टिक प्रदूषण से धरती को बचाना ही होगा, ताकि कल की पीढ़ी भी यही नजारे देख सके।”

सुबोध जी ने अपने ऐतिहासिक कारनामे की भी चर्चा की, जिसमें उन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज के 371 किलों का सबसे कम समय में भ्रमण कर रिकॉर्ड कायम किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य मुकेश ठाकुर ने अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए कहा कि –
“युवाओं को सुबोध जी जैसी प्रेरणा से जुड़ना चाहिए, क्योंकि बदलाव वही लाता है जो कदम बढ़ाता है।”

कार्यक्रम में ईको क्लब इकाई के समन्वयक डॉ. विकास शर्मा, कॉलेज स्टाफ और भारी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
मौके पर विद्यार्थियों ने सुबोध जी के साथ 11 पौधे रोपकर हरियाली और स्वच्छता का संकल्प लिया।

अंत में सभी ने सुबोध जी को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और कामना की कि भारत यात्रा के समापन पर वे माउंट एवरेस्ट की चोटी पर भारत का तिरंगा लहराकर इतिहास रचें।

RELATED ARTICLES
सिक्योरिटी सर्विस हेतु संपर्क करे

Most Popular