सुजल सोनी, गोपाला सोनी, यश रघुवंशी समेत 11 जुआरी गिरफ्तार, चौरई में 52 पत्तों की महफिल पर पुलिस का बड़ा धावा

चांद रोड स्थित मकान में देर रात चल रहा था ‘अंदर-बाहर’ का खेल, पुलिस की दबिश में ₹49 हजार नकद और जुए का सामान जब्त

चौरई | चौरई में रविवार देर रात 52 पत्तों पर चल रही जुए की महफिल पर पुलिस ने अचानक ऐसा धावा बोला कि दांव पर लगी रकम, ताश की गड्डियां और जुआरी सब पुलिस के कब्जे में आ गए। चांद रोड स्थित एक मकान के बरामदे में चल रहे ‘अंदर-बाहर’ के खेल पर चौरई पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर 11 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से ₹49 हजार नगद और जुए में प्रयुक्त सामग्री जब्त की है।

जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना प्रभारी मोहन मर्सकोले के नेतृत्व में चौरई पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि चांद रोड स्थित एक मकान के सामने बने बरामदे में 52 पत्तों पर खुलेआम रुपए की बाजी लगाकर जुआ खेला जा रहा है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने पुलिस टीम के साथ बिना किसी आहट के पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। जैसे ही पुलिस ने मौके पर दबिश दी, जुआरियों में भगदड़ मच गई। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते कोई भी बच नहीं सका और सभी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ₹49 हजार नगद, ताश की गड्डियां और जुए में प्रयुक्त अन्य सामग्री जब्त की। गिरफ्तार आरोपियों में सुजल सोनी, गोपाला सोनी, यश रघुवंशी, चंद्रसेन रघुवंशी, विक्की साहू, शरद कहार, विक्रम राय, करण सोनी, अमित साहू, शोएब अली और मनीष चौधरी शामिल हैं। सभी के विरुद्ध जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

जुए के अड्डों में मचा हड़कंप

चौरई पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध जुआ खेलने और खिलाने वालों में खलबली मच गई है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं नगरवासियों ने कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाने चाहिए, ताकि कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।